सुकमा

बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की किल्लत, कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन
19-Mar-2026 10:32 PM
बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की किल्लत, कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 19 मार्च। जिला मुख्यालय सुकमा में आज कांग्रेस पार्टी द्वारा महंगाई और गैस सिलेंडर की कथित कमी को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस आंदोलन में जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटनम पारा चौक से मलखानगिरी चौक तक गैस सिलेंडर को ठेले पर रखकर रैली निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए महंगाई के मुद्दे पर विरोध जताया।

प्रतीकात्मक रूप से महिलाओं द्वारा चूल्हा जलाकर भजिया (पकोड़े) तलकर बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। कुछ कार्यकर्ताओं ने नाली से गैस निकालने का प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी व्यक्त की।

धरना-प्रदर्शन के समापन के बाद बस स्टैंड प्रांगण में सभा आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने महंगाई और गैस आपूर्ति से जुड़े मुद्दों को उठाया।


अन्य पोस्ट