सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 2 मार्च। देवी चौक पटनम पारा स्थित बोधराज गंगनम्मा माता मंदिर, सुकमा में 12 वर्ष के अंतराल के बाद आयोजित होने वाले मंडई मेले की तैयारियों को लेकर रविवार को बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर पालिका सुकमा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, पुजारी, गायता, पेरमा, सिरहा, पारा मुखिया तथा विभिन्न पालियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान मंडई संचालन के लिए समिति का गठन किया गया और सर्वसम्मति से पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए।
पारंपरिक रीति-रिवाजों पर चर्चा
बैठक में मंडई आयोजन से संबंधित पारंपरिक रीति-रिवाजों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। जानकारी के अनुसार, नौ पाली के प्रमुखों के सहयोग से देवी-देवताओं के लिए आवश्यक सामग्री तैयार की जाएगी। देवी खंभा स्थापना के लिए त्रिशूल लगाने की परंपरा का पालन किया जाएगा। दो परगना के देवी-देवताओं की सहभागिता भी प्रस्तावित है।
मंडई समिति के संयोजक मनोज देव ने कहा कि यह आयोजन नगर पालिका सुकमा क्षेत्र में आता है और सभी के सहयोग से इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
मंडई समिति के अध्यक्ष बिच्छेम पोंदी ने कहा कि नौ पाली के प्रमुखों के सहयोग से आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं और सामूहिक भागीदारी से मंडई का आयोजन किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता अधिवक्ता आदित्य पांडेय ने की।
बैठक में समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष राजेंद्र पीसा, उपाध्यक्ष रूंजे शैराव, सचिव नागराज कर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश नारा, सह सचिव के. सुब्बाराव, लीलाधर राठी, धनीराम यादव,सोमनाथ बघेल,जेठ राम साहू,अनिल टावरी,पटेल सोढ़ी डुला, हड़मा मरकाम, लच्छू पोडियामी,पुसामी देवा,ज्ञान सिंह ठाकुर, सोनू यादव, शेख सजार , मो हुसैन,सैयद बुशु,सैयद साजिद, मुनव्वर शरीफ, महेश सोरी,अमित नाग सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त नगर पालिका अध्यक्ष हूंगा मरकाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष महेश कुंजाम तथा अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक भी बैठक में शामिल हुए।