सुकमा

स्कूलों का डीर्ईओ ने किया निरीक्षण, विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर परखा
02-Mar-2026 9:26 AM
स्कूलों का डीर्ईओ ने किया निरीक्षण, विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर परखा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 1 मार्च। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षा 2026 के अंतर्गत कोंटा एवं मरईगुड़ा क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का जिला शिक्षाधिकारी  जी.आर. मंडावी द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

इस दौरान मरईगुड़ा में संचालित पोर्टाकेबिन एवं आश्रमशाला का भी निरीक्षण किया गया। यहां विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, अध्यापन कार्य तथा परीक्षा की तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। जिला शिक्षाधिकारी ने बच्चों की सुविधाओं और शैक्षणिक वातावरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात प्राथमिक विद्यालय नुलकातोंग एवं माध्यमिक शाला नुलकातोंग का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनका शैक्षणिक स्तर परखा। बच्चों ने उत्साहपूर्वक पहाड़े और गिनती सुनाकर अपनी तैयारी का परिचय दिया।

 बैगलेस डे के अवसर पर विद्यालय में ऊर्जा संरक्षण विषय पर संस्था प्रमुख एवं स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। सभी शिक्षण संस्थानों में मध्यान्ह भोजन योजना सुचारू रूप से संचालित पाई गई।

विद्यार्थी नियमित रूप से विद्यालय आ रहे हैं तथा कक्षा 5वीं एवं 8वीं की बोर्ड परीक्षा की तैयारी व्यवस्थित रूप से कराई जा रही है। निरीक्षण के दौरान संस्थान में 5 शिक्षक उपस्थित थे, जबकि एक शिक्षक अवकाश पर थीं। इस अवसर पर बीईओ कोंटा भी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट