सुकमा

कांग्रेस ने किया भाजपा कार्यालय का घेराव
25-Feb-2026 10:17 PM
कांग्रेस ने किया भाजपा कार्यालय का घेराव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 25 फरवरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के आह्वान पर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुकमा में भाजपा जिला कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया। इनमें कथित एप्स्टीन फाइल मामले में पारदर्शिता की मांग, किसानों के हितों से जुड़े समझौतों पर सवाल और विरोध प्रदर्शनों को राष्ट्रविरोध से जोडऩे के आरोप शामिल थे।

युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आर्यन चौहान ने कहा कि एप्स्टीन फाइल जैसे अंतरराष्ट्रीय मामले में सरकार को स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों से जुड़े निर्णयों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और असहमति की आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध दर्ज कराना नागरिकों का अधिकार है। उन्होंने सरकार से इन मुद्दों पर जवाब देने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य गीता कवासी, पार्षद दल की नेता आयशा हुसैन, नगर अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन, शेख सज्जार सहित कांग्रेस और युवा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट