सुकमा

‘मिशन कनेक्ट’ से जुड़ा विश्वास, इमली के पेड़ तले सजी चौपाल
21-Feb-2026 9:48 PM
‘मिशन कनेक्ट’ से जुड़ा विश्वास, इमली के पेड़ तले सजी चौपाल

हर घर पानी, हर चेहरे पर मुस्कान: विकास की राह पर बढ़ता पोंगाभेज्जी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 21 फरवरी। सुकमा जिले में प्रशासनिक संवेदनशीलता का एक प्रेरक उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब कलेक्टर अमित कुमार ‘ गांव पोंगाभेज्जी पहुंचे। उनके साथ जिला पंचायत के सीईओ मुकुन्द ठाकुर भी उपस्थित रहे। यह सिर्फ एक औपचारिक दौरा नहीं था, बल्कि गांव और शासन के बीच विश्वास की डोर को और मजबूत करने का सशक्त प्रयास था।

गांव पहुंचते ही कलेक्टर ने पंचायत में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों, जल जीवन मिशन के कार्यों, आंगनबाड़ी भवन, स्कूल और पंचायत भवन का जायजा लिया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उनका संदेश साफ था विकास सिर्फ कागजों में नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए।

इमली के पेड़ के नीचे लगी चौपाल इस दौरे की सबसे भावनात्मक तस्वीर बन गई। कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए पूछा किसका पीएम आवास स्वीकृत हुआ है, किसके घर तक नल से जल पहुंचा है, किसे शौचालय की जरूरत है, किसे मनरेगा के तहत डबरी या भूमि समतलीकरण का कार्य चाहिए और कौन बकरी शेड या गाय शेड चाहता है। इस दौरान उन्होंने गाँव में देवगुड़ी बनाने की स्वीकृति दी। गांव में बन रहे पुल के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। यह संवाद बताता है कि प्रशासन अब फाइलों से निकलकर सीधे लोगों के बीच बैठ रहा है।

ग्रामीणों ने भी बेझिझक अपनी समस्याएं रखीं और साथ ही प्रशासन के कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि अब गांव में घर-घर पानी पहुंच रहा है और अधिकांश पात्र हितग्राहियों को पीएम आवास और शौचालय की स्वीकृति मिल चुकी है। यह बदलाव शासन की प्रतिबद्धता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है।

कलेक्टर अमित कुमार ने ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान रखते हुए शुक्रवार को विशेष आधार शिविर लगाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को दस्तावेज़ और योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की बाधा न हो। यह दौरा केवल निरीक्षण भर नहीं था, बल्कि भरोसे, संवेदनशीलता और जवाबदेही का जीवंत उदाहरण था।

‘मिशन कनेक्ट’ के माध्यम से प्रशासन यह संदेश दे रहा है कि शासन जनता के साथ है। इसके पश्चात कलेक्टर ने सिरसट्टी, रवापारा और बड़ेसेट्टी पहुंचे और शासकीय योजनाओं की प्रगति और विकास कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।——-


अन्य पोस्ट