सुकमा

बालाटिकरा पोटा केबिन में आग से चार झुलसे, एक बालिका गंभीर
17-Feb-2026 10:23 PM
 बालाटिकरा पोटा केबिन में आग से चार झुलसे, एक बालिका गंभीर

 पीसीसी सचिव ने लगाए लापरवाही के आरोप, जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 17 फरवरी। सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड अंतर्गत बालाटिकरा स्थित पोटा केबिन में भोजन बनाते समय आग लगने से दो महिलाएं और दो बालिकाएं झुलस गईं। घायलों में एक 13 वर्षीय बालिका की स्थिति गंभीर बताई गई है, जिसका उपचार पहले जिला चिकित्सालय सुकमा में किया गया और बाद में उसे डिमरापाल अस्पताल भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय 25 वर्षीय मल्लिका और 35 वर्षीय सोनादई रसोई कार्य कर रही थीं। इसी दौरान पोटा केबिन में अध्ययनरत 13 वर्षीय जिया (पिता- तामे) और 12 वर्षीय अमृता भी वहां मौजूद थीं। बताया गया कि भोजन तैयार करते समय आग भडक़ उठी, जिससे चारों झुलस गईं।

घटना के बाद सभी को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मल्लिका, सोनादई और अमृता को छुट्टी दे दी गई, जबकि जिया को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया।

घटना को लेकर पीसीसी सचिव दुर्गेश राय ने बयान जारी कर पोटा केबिन प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रबंधन या प्रशासन की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी है। जिला प्रशासन द्वारा घटना की जांच कराए जाने की संभावना जताई गई है।


अन्य पोस्ट