सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 12 फरवरी। बस्तरिया राज युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश नाग ने कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर राजस्व अभिलेखों में कथित अनियमितता की शिकायत की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि खसरा क्रमांक 1283/9, जो राजस्व रिकॉर्ड में बोमन्ना स्वर्णरेखा के नाम दर्ज है, उसके नक्शे में बदलाव किया गया है।
राजेश नाग का आरोप है कि वर्ष 1984 के नक्शे की तुलना में वर्ष 2000 के मूल नक्शे में परिवर्तन कर किसी अन्य व्यक्ति को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि नक्शे में कथित छेड़छाड़ के कारण संबंधित किसानों की भूमि का रकबा कम दर्शाया गया है और उन्हें अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया है। उनके अनुसार प्रभावित किसान वर्षों से उक्त भूमि पर खेती कर रहे हैं और वर्तमान में फसल लगी हुई है, जिससे वे चिंतित हैं।
राजेश नाग ने आरोप लगाया कि जिले में भूमि रजिस्ट्री और नक्शों में बदलाव से जुड़े मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे प्रकरण की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को न्याय नहीं मिला तो संगठन आगे आंदोलन की रणनीति बना सकता है।
इस संबंध में राजस्व विभाग का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है। प्रशासन की ओर से जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।


