सुकमा

कांग्रेस का मनरेगा बचाओ जन जागरूकता अभियान शुरु
13-Jan-2026 10:08 PM
कांग्रेस का मनरेगा बचाओ जन जागरूकता अभियान शुरु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 13 जनवरी। सुकमा जिले में कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा बचाओ जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 25 जनवरी तक जिला, ब्लॉक, ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा की गई।

अभियान के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय के ग्राम पंचायत माटे मर्का से ग्राम पंचायत चिंगावारम तक पैदल मार्च निकाला गया। कांग्रेस पार्टी के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा से जुड़े मुद्दों पर संवाद करना है।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मनरेगा से संबंधित विषयों पर लोगों को जानकारी देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मजदूरों से संवाद करेंगे और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर अपनी बात रखेंगे।

कांग्रेस पार्टी की ओर से बताया गया कि 12 से 25 फरवरी तक ग्राम पंचायत स्तर पर चौपालों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य, रोजगार सहायक, मनरेगा साथी और मनरेगा मजदूर शामिल होंगे। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष द्वारा हस्ताक्षरित पत्र ग्राम प्रधानों, पूर्व ग्राम प्रधानों, रोजगार सेवकों और मनरेगा मजदूरों तक पहुंचाने की योजना है।

पार्टी के अनुसार, प्रत्येक गांव में सोनिया गांधी का मनरेगा मजदूरों के नाम वीडियो संदेश सार्वजनिक रूप से दिखाया जाएगा।

साथ ही दीवार लेखन, प्रभात फेरी, काम मांगो अभियान और विधानसभा स्तर पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित की जाएंगी।

कांग्रेस पार्टी ने यह भी बताया कि 26 जनवरी को ग्राम सभाओं में मनरेगा से संबंधित प्रस्ताव पारित कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा मनरेगा मजदूरों द्वारा राष्ट्रपति के नाम पोस्टकार्ड भेजने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

कांग्रेस के अनुसार, यह अभियान पूरे जिले के सभी विकासखंडों में ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा।


अन्य पोस्ट