सुकमा
कानून व्यवस्था पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सरकार को घेरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 6 दिसंबर। सुकमा के मेन रोड स्थित दुर्गा ज्वेलर्स में हथियार दिखाकर हुई लूट की घटना पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जारी विज्ञप्ति में कहा कि व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सरकार कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने में सफल नहीं हो रही है।
कवासी ने आरोप लगाते कहा कि—भाजपा के शासन में व्यापारी भी सुरक्षित नहीं हैं। कानून व्यवस्था संभालने में सरकार विफल है। मुख्यालय में ऐसी घटना होने के बाद अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा को लेकर प्रश्न उठते हैं।ज्ज्
उन्होंने कहा कि यह घटना जिले के लिए नई तरह की घटना है और इसे वे वर्तमान शासन में बढ़ते अपराध के संकेत के रूप में देखते हैं।
कवासी ने कहा कि—अपराधियों में भय की कमी दिख रही है। भाजपा सरकार का डबल इंजन मॉडल केवल बयान तक सीमित है।
हरीश कवासी ने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपियों को लगभग तीन घंटे में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने कहा—पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण है, लेकिन यह भी देखना जरूरी है कि घटना हुई क्यों।
कवासी ने सरकार और प्रशासन से निम्न उपाय करने की मांग की— सुकमा नगर और जिले में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए। प्रमुख बाजारों में सीसीटीवी और पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। व्यापारियों की सुरक्षा हेतु विशेष सुरक्षा योजना लागू की जाए।
कवासी ने कहा कि उनकी पार्टी व्यापारी और आम नागरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और शासन की कमियों को प्रकाश में लाती रहेगी।


