सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 3 अक्टूबर। सुकमा जिला मुख्यालय प्रेस क्लब में कांग्रेस जिला अध्यक्ष माहेश्वरी बघेल ने भाजपा सरकार के राज में गायों की तस्करी, भूख से, दुर्घटना से मर रही भाजपा सरकार के गौठान बंद करने के नीतियों के खिलाफ प्रेसवार्ता ली।
इस दौरान माहेश्वरी बघेल ने कहा, भाजपा की सरकार बनने के बाद बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था किए कांग्रेस सरकार के द्वारा चलाई जा रही गौठान योजना और गोबर खरीदी योजना को बंद कर दिया गया, जिसके कारण पिछले पौने दो साल में चारे पानी के अभाव में भूख से तथा खुले में घूमने के कारण सडक़ों पर एक्सीडेंट से बड़ी संख्या में गायों की लगातार मौत हो रही है। विभिन्न समाचार माध्यमों में जो खबरें आई है, उसके अनुसार पौने दो वर्ष में 850 से अधिक गाय सडक़ों पर कुचल कर मारी गई। लगभग 1200 से अधिक गाय भूख से चारे पानी के अभाव में मारी गई। 200 से अधिक गाय जहरीला पदार्थ आदि खाने से मारी गई।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जिला अध्यक्ष बघेल ने कहा-गौठान बंद होने के कारण आवारा घूम रहे गो वंश जब एक समस्या के रूप में सामने आई तो सरकार ने अघोषित रूप से एक बेहद ही क्रूर निर्णय लिया और गो वंश की तस्करी को बढ़ावा देने शुरू कर दिया। 2023 में लगभग 14 लाख गोवंश का राज्य में कांग्रेस की सरकार के समय 10800 गोठानों में व्यवस्थापन होता था, उनके चारे-पानी की व्यवस्था होती थी। गायों की मौत के मामले में कांग्रेस ने अभी तक 6 कमेटियां बनाई है, उनकी रिपोर्ट और हमने जो अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव वालों से चर्चा कर जानकारी एकत्रित की, वह बहुत ही चौंकाने वाली वाली और दुखद है।
दो साल में गांवों और शहरों में पशुओं की संख्या 40 फीसदी तक घट गई है। अर्थात राज्य से पिछले दो साल में लगभग 5 लाख से अधिक गोवंश गायब हो गए। दुर्घटना से मरने वाली भूख से मरने वाली कुल गायों की संख्या तो लगभग 2 हजार से ढाई हजार तक है। फिर ये लगभग पांच लाख गाय कहा गई? सीधा मतलब है उनकी तस्करी कर यूपी महाराष्ट्र के स्लाटर हाउस पहुंचा दी गई।
खुद को गो पूजक और गो रक्षक बताने वाली भाजपा के राज में यह महा पाप हो रहा है। गायों की तस्करी हो रही है। गाय स्लाटर हाउस भेजी जा रही है। मोदी सरकार आने के बाद भारत ब्राजील के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ निर्यातक बन गया। बीफ निर्यात करके मोदी सरकार हर साल 4.3 अरब डॉलर कमा रही है। 2014 के बाद भाजपा की मोदी सरकार की नीतियों के कारण भारत दुनिया के 65 देशों में बीफ निर्यात कर रहा है। भाजपा शासित राज्यों में देश के सर्वाधिक स्लाटर हाउस है, यूपी, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र में है। इलेक्ट्रोल बांड में खुलासा हुआ कि भाजपा ने बीफ निर्यातक कंपनियों से चंदा लिया।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने गायों की रक्षा के लिए गोठान बनाए, गोबर खरीदी शुरू की, ताकि लोग गायों का पालन पोषण करे उनकी आय का जरिया बने भाजपा की डबल इंजन की सरकार तो गो वंश को कत्ल खाने भेज रही है।
सरकार ने गोठान बंद कर दिया विकल्प के तौर पर पहले गो अभ्यारण्य बनाने की बात की गई फिर गोधाम बनाने का निर्णय हुआ लेकिन न गो अभ्यारण्य बनाया गया और न ही गो धाम बनाया गया।
कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि पिछले पौने दो साल में प्रदेश से गायब लगभग 5 लाख गोवंश के बारे में सरकार स्पष्टीकरण दें। सरकार 2023 के पहले के सभी 10800 गौठानों को पुन: शुरू करें। गोठानों में चारा पानी की सुरक्षित व्यवस्था किया जाये।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


