सुकमा

3 हार्डकोर ईनामी नक्सली गिरफ्तार
31-May-2025 10:54 PM
3 हार्डकोर ईनामी नक्सली गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 31 मई। सुकमा जिले के थाना जगरगुण्डा क्षेत्रान्तर्गत सक्रिय 3 हार्डकोर ईनामी नक्सलियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।  गिरफ्तार 2 नक्सली पर 8-8 लाख एवं एक नक्सली पर 5 लाख कुल 21 लाख रूपये का ईनाम घोषित है।  गिरफ्तार सभी नक्सली सुकमा जिले क थाना जगरगुण्डा क्षेत्र के गोंदपल्ली के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर थाना जगरगुण्डा से  तोमेश वर्मा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी जगरगुण्डा के हमराह जिला बल एवं एसी. शास्वत  मनु के हमराह 165 वाहिनी सीआरपीएफ बल की संयुक्त पार्टी एरिया डोमिनेशन/नक्सलियों की गिरफ्तारी हेतु ग्राम गोंदपल्ली व आस-पास क्षेत्र की ओर रवाना हुई थी।

अभियान के दौरान ग्राम गोंदपल्ली की घेराबंदी कर थाना जगरगुण्डा के प्रकरण में फरार चल रहे, 3 हार्डकोर नक्सलियों  डोडी पोदिया उर्फ प्रकाश  (सीआरसी रीजनल कम्पनी नंबर 02 का सदस्य/पीपीसीएम ईनामी 8 लाख)  गोंदपल्ली सरपंचपारा थाना जगरगुण्डा जिला सुकमा, डोडी पाण्डू (पीएलजीएल कम्पनी नंबर 10 हेड क्वार्टर का पार्टी सदस्य ईनामी 8 लाख) गोंदपल्ली सरपंचपारा थाना जगरगुण्डा जिला सुकमा एवं डोडी नंदू (एओबी पार्टी सदस्य/पीपीसीएम ईनामी 5 लाख )  गोंदपल्ली सरपंचपारा जगरगुण्डा जिला सुकमा  को पकड़ा गया।

पकड़े गए तीनों आरोपियों के द्वारा जगरगुण्डा क्षेत्रान्तर्गत  ग्राम गोंदपल्ली के शिक्षा दूत  को ग्रामीणों की बैठक लेकर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर लकड़ी के डण्डे से पीट-पीटकर गले  में  रस्सी डालकर गला घोटकर हत्या करने की घटना में अन्य नक्सलियों के साथ शामिल रहे हंै।

 घटना के संबंध में पूर्व से थाना जरगुण्डा में अपराध क्रिया कलाप (निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध है।  तीनों नक्सल आरोपियों को गिरफ्तार कर विशेष माननीय न्यायालय दंतेवाड़ा के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमाण्ड मिलने पर जेल भेजा गया।

 इसके अतिरिक्त गिरफ्तार तीनों हार्डकोर नक्सली थाना जगरगुण्डा, चिंतलनार एवं चिंतागुफा क्षेत्रान्तर्गत घटित  नक्सली घटनाओं में शामिल  रहे है। जिनके विरूद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट