सुकमा

दामाद की हत्या, ससुर बंदी
05-Dec-2024 10:32 PM
दामाद की हत्या, ससुर बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 सुकमा, 5 दिसंबर। अन्धे कत्ल की गुत्थी दोरनापाल पुलिस ने 24 घण्टे के भीतर सुलझाई।  ससुर ही अपने दामाद का हत्यारा निकला। पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के  अनुसार प्रार्थिया पूजा मडक़म दोरनापाल जिला सुकमा के पति दीपक सिंह को एक दिसंबर की रात्रि 7-8 बजे के मध्य किसी अज्ञात हमलावर ने जान से मारने की नीयत से लकड़ी के डण्डे से सिर में ताबड़तोड़ वार किया, जिससे दीपक सिंह अधमरा हालत में बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों से सूचना मिलने के बाद घायल को पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रार्थिया पूजा मडक़म की रिपोर्ट पर दोरनापाल थाने में धारा 109, 103 भा.न्या.सं. दर्ज किया गया।

दोरनापाल पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज, गवाहों एवं अन्य तकनीकी साधन से आरोपी का 24 घण्टे के अंदर पता लगा लिया। आरोपी को कड़ाई से पूछताछ करने पर अपना जुर्म स्वीकार किया।

 बताया कि दीपक सिंह उसका सगा दामाद था। वह अपनी बेटी-नातिन के साथ हो रहे पारिवारिक हिंसा से परेशान था। अपने दामाद दीपक सिंह की सुकमा से ही हत्या करने की योजना बनाकर बस से दोरनापाल आया था।

आरोपी मडक़म राजा निवासी टेटराई, दोरनापाल का रहने वाला था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जिला जेल सुकमा में दाखिल कराया गया है।


अन्य पोस्ट