सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 24 अगस्त। शनिवार को सुकमा जिला मुख्यालय के बस स्टैंड प्रांगण में कांग्रेसियों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया ।
भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव एवं अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा ने धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री व वर्तमान कोटा विधायक कवासी लखमा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था हर मामलों में फेल है। जब से सरकार बनी है, तब से विपक्ष के नेताओं को षड्यंत्र करके जेल भेजा जा रहा है। सायं सरकार में पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। आज बस्तर में कानून व्यवस्था की बुरी स्थिति है। निर्दोष आदिवासियों को जबरन बिना कारण के पकड़ जेल के सलाखों के पीछे डाला जा रहा है।
उन्होंने सुकमा जिला पुलिस प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए। आने वाले समय में पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा -निर्दोष आदिवासियों को जेल में डालना बंद करो और इस प्रकार की कार्रवाई अगर होती रही तो कांग्रेस पार्टी का आने वाले समय में उग्र से उग्र आंदोलन होगा।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष माहेश्वरी बघेल ने धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता की।
धरना प्रदर्शन में जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी ने कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को हर परिस्थिति और हर संघर्ष की लड़ाई के लडऩे के लिए मजबूत दीवार बनकर खड़े रहने को कहा। उन्होंने प्रदेश भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए।सभा स्थल पर कांग्रेस पार्टी के समस्त प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महिला संगठन युवा कांग्रेस सेवादल एनएसयूआई के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


