सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 जून। जिला खनिज दल द्वारा भटगांव, सारंगढ़, गुडेली-टिमरलगा और सरिया क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर गौण खनिजों के अवैध परिवहन और उत्खनन पर जब्ती की कार्रवाई की गई है। जब्त किए गए वाहनों और मशीनों को स्थानीय थानों तथा कोटवार की सुपुर्दगी में सौंपा गया है। भटगांव क्षेत्र में 13 जून को खनिज विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए 3 ट्रैक्टर और 01 हाइवा को रोका। इसके अलावा चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए 01 ट्रैक्टर को जब्त किया गया। इन सभी वाहनों को वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना भटगांव की सुपुर्दगी में दिया गया है। गुडेली-टिमरलगा क्षेत्र में13 एवं 14 जून को तहसील सारंगढ़ के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में जांच के दौरान गौण खनिज का परिवहन कर रहे 4 ट्रैक्टरों पर जब्ती की गई।
सरिया क्षेत्र में 15 जून को सरिया क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान गौण खनिज डोलोमाइट का अवैध परिवहन करते हुए 01 ट्रेलर को पकड़ा गया, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए सरिया थाने की सुपुर्दगी में दिया गया है।
टिमरलगा में अवैध उत्खनन पर 2 पोकलेन मशीनें जब्त
खनिज अमले द्वारा 16 जून को ग्राम गुडेली-टिमरलगा क्षेत्र में पुन: औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान ग्राम टिमरलगा में चूना पत्थर के अवैध उत्खनन में संलिप्त 2 पोकलेन मशीनें और 1 हाइवा वाहन को मौके पर जब्त किया गया। इन मशीनों और वाहन को सुरक्षा के दृष्टिकोण से ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में रखा गया है।


