सारंगढ़-बिलाईगढ़
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सारंगढ़, 16 जून। भाजपा कार्यालय चंदाई में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश मंत्री एवं पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का जनता से सीधा जुड़ाव रहा है और पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन तथा जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
हर्षिता पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को सीधे लाभ पहुंचाया जा रहा है। पूर्व में विभिन्न योजनाओं की राशि हित ग्राहियों तक पहुंचने में कई स्तरों पर बंट जाती थी, लेकिन डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) व्यवस्था लागू होने से अब योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है।
उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर कहा कि केंद्र सरकार की मजबूत रक्षा एवं सुरक्षा नीतियों के कारण भारत की सैन्य शक्ति सशक्त हुई है तथा देश की सीमाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित हुई हैं।
पांडे ने पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों परिवारों को आवास एवं शौचालय सुविधा मिलने को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। प्रदेश मंत्री ने कहा कि आयकर सीमा में वृद्धि से मध्यम एवं लघु वर्ग को राहत मिली है। महिलाओं को रोजगार एवं राजनीतिक क्षेत्रों में अवसर बढ़ाने के साथ-साथ विभिन्न राज्यों में संचालित महतारी वंदन जैसी योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक संबल प्राप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के माध्यम से हजारों हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि देशभर में रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण, नई रेल लाइनों का विस्तार, हवाई अड्डों की स्थापना तथा डिजिटल भुगतान प्रणाली को बढ़ावा देने के परिणामस्वरूप भारत यूपीआई ट्रांजेक्शन के क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनकर उभरा है।
प्रेस वार्ता के दौरान जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अल्पसंख्यक मोर्चा नजमा अजीम, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष बैजयंती लहरें, विद्या सिदार, जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल, बेदराम जांगड़े, द्वारका साहू, भुवन मिश्रा, श्रीमती सारथी, हरिनाथ खूंटे, निखिल केशरवानी अजय नायक, प्रकाश अग्रवाल, दिनेश जांगड़े, भरत जाटवर चिंता साहू, शिवम चंद्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


