सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 30 मई। जिला मुख्यालय के नगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 7 (जेलपारा) और आसपास के मोहल्लों में चार-पांच दिनों से एक बछड़े द्वारा राहगीरों पर हमला कर चोटिल करने का मामला सामने आया है। नगर पालिका प्रशासन ने सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए बछड़े को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। मोहल्लेवासियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उक्त बछड़ा मार्ग से गुजरने वाले लोगों पर अचानक हमला कर रहा था, जिससे कई राहगीर चोटिल हो गए थे। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में बनी इस समस्या के बावजूद स्थानीय पार्षदों या जनप्रतिनिधियों द्वारा संबंधित विभाग को समय पर सूचित नहीं किया गया, जिससे मोहल्ले के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मामले की जानकारी जब दूरभाष (फ़ोन) के माध्यम से सीएमओ ज्ञानपुंज कुलमित्र को दी गई, तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया। सीएमओ के निर्देश पर नगर पालिका की काउ कैचर (गौ स्केचर) टीम ने मौके पर पहुंचकर बछड़े को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद बछड़े के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उसे समुचित उपचार के लिए जिला पशु चिकित्सालय भेज दिया गया है। बछड़े को पकड़े जाने के बाद जेलपारा और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों व राहगीरों ने राहत व्यक्त की है तथा त्वरित कार्रवाई के लिए सारंगढ़ नगर पालिका के सीएमओ ज्ञानपुंज कुलमित्र का आभार जताया है।


