सारंगढ़-बिलाईगढ़
जिपं अध्यक्ष ने तहसीलदार एवं खरीदी केंद्र प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 23 जनवरी। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने ग्राम दानसरा स्थित धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुछ किसानों के धान को गुणवत्ता के अनुरूप होने के बावजूद अस्वीकृत किए जाने का मुद्दा उठाया। इस संबंध में उन्होंने मौके पर मौजूद तहसीलदार एवं खरीदी केंद्र प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा।
जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय का कहना है कि निरीक्षण के दौरान कुछ किसानों का धान सरकार द्वारा निर्धारित मानक मापदंडों के अनुरूप पाया गया, फिर भी उसे खरीदी के लिए स्वीकार नहीं किया जा रहा था। उन्होंने इसे किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान करने का मामला बताया।
उन्होंने तहसीलदार को निर्देश दिए कि धान खरीदी प्रक्रिया की निगरानी स्वयं करें और जो धान निर्धारित मानकों पर खरा उतरता है, उसकी तौल तत्काल सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि बिना कारण धान अस्वीकृत नहीं किया जाना चाहिए।
जिपं अध्यक्ष ने कहा, किसान अपनी उपज बेचने के लिए किसी के सामने हाथ नहीं फैलाता, यह उसका अधिकार है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप किसानों का एक-एक दाना खरीदा जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में किसी भी खरीदी केंद्र से मानक धान को अस्वीकृत करने या किसानों को परेशान करने की शिकायत मिलती है, तो वे इस विषय को शासन-प्रशासन के उच्च स्तर पर उठाएंगे।
निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के बाद धान खरीदी केंद्र में तौल प्रक्रिया शुरू कराई गई। प्रशासनिक स्तर पर मामले की निगरानी किए जाने की बात कही गई है।


