राजनांदगांव

लूट व पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपी पकड़ाए, एक की तलाश
28-Nov-2026 7:46 PM
लूट व पुलिस अभिरक्षा से  फरार आरोपी पकड़ाए,  एक की तलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 नवंबर।
लूट की घटना में शामिल व कोतवाली पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपियों को पुलिस ने पुन: कन्हारपुरी क्षेत्र से घेराबंदी कर पकडऩे में सफलता हासिल की। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर लूट का 3 नग मोबाइल, नगदी  रकम और घटना में प्रयुक्त चाकू व स्कूटी को पुलिस ने जब्त किया। साथ ही लूट की घटना में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। वहीं फरार एक अन्य आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। 

पुलिस के अनुसार कोतवाली थानांतर्गत  25 नवंबर की रात्रि लगभग 3 बजे गोलबाजार निवासी प्रार्थी श्रीकांत गुप्ता अपनी भतीजी की शादी से लौट रहे थे,  इसी दौरान सीआईटी बायपास चौक के पास एक स्कूटी में सवार 3 आरोपियों ने पता पूछने के बहाने उनका मोबाइल मांगा और चाकू दिखाकर उनका मोबाइल छीन लिया और लगभग 3500 रुपए नगदी लूटकर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना में अपरध प्रकरण दर्ज किया गया। 

इसी तरह भर्रेगांव निवासी प्रार्थी तामेश्वर साहू द्वारा 25 नवंबर को सुबह 6 बजे बिजली आफिस लखोली के पास अज्ञात आरोपी द्वारा मोबाइल एवं नगदी रकम 700 रुपए को चाकू दिखाकर लूट करने की रिपोर्ट पर  थाना कोतवाली में अपराध दर्ज है। आरोपी विशाल बांसफोड़ एवं विधि से संघर्षरत बालक द्वारा मिलकर प्रार्थी से चाकू दिखाकर लूटपाट करना स्वीकार किया गया।

दोनों आरोपियों को लूट के प्रकरणों में पहचान एवं पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। इसी दौरान आरोपी विशाल बांसफोड़ एवं विधि से संघर्षरत बालक पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। थाना कोतवाली में अपराधधारा 262, 3(5) भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी तलाश की जा रही थी। आरोपी की पतासाजी के दौरान आरोपी कन्हारपुरी स्थित खंडहर के पास अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आरोपी विशाल बांसफोड़ एवं  विधि से संघर्षत बालक से पूछताछ की गई। 

आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर लूट की रकम 3200 एवं घटना में प्रयुक्त 3 नग मोबाइल, स्कूटी वाहन व प्रयुक्त स्प्रिंगदार चाकू को जब्त किया गया। 27 नवंबर को  आरोपी विशाल बांसफोड़ को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड हेतु पेश कर जेल भेजा गया एवं विधि से संघर्षरत बालक को पृथक से किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में संलिप्त फरार आरोपी अनुख बांसफोड़ की पतासाजी की जा रही है। 


अन्य पोस्ट