राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जून। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 कल 16 जून से शुरू हो रहा है, लेकिन नगर के सभी शासकीय स्कूलों को पिछले वर्षों की तरह ही इस वर्ष भी पुरानी समस्याओं का ही सामना करना पड़ेगा। जर्जर भवन, छत व दीवाल की उखड़ती हुई प्लास्टर, झांकती सरिया एवं कांक्रीट एवं बारिश में टपकते हुए छत और स्कूल परिसर में घुटने तक भरा पानी इस वर्ष भी भविष्य संवारने आए स्कूली बच्चों को विरासत में प्राप्त होंगे।
कलैंडर्स बदल रहे ह...सत्र बदल रहे हंै और बच्चे बदल रहे है, लेकिन नगर के सरकारी स्कूलों की समस्या वही की वही खड़ी हुई है। इस वर्ष भी आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब परिवार के बच्चों को सरकारी स्कूलों में उसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। जिसकी उन्हें आदत हो गई है। हालंाकि पिछले वर्ष नगर के शासकीय स्कूलों की तस्वीर बदलने के लिए जरूर प्रयास हुए, लेकिन यह कोशिश कारगर नहीं हो पाई। यदि ईमानदारी से जान लगाकर प्रयत्न किया गया होता तो जरूर स्कूलो के हालात बदले होते और तस्वीर सुनहरी नजर आती, लेकिन इस वर्ष भी नगर के सभी सरकारी स्कूलों में बच्चों को शिक्षक की कमियों एवं सुविधाओं के अभावों के साथ-साथ अन्य कई चुनौतियों एवं परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
मेरेगांव में बारिश में टपकते छत के
नीचे पढेंग़े बच्चे
नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक एक मेरेगांव में डेढ़ दशक पूर्व बना प्राथमिक शाला भवन तो दिखने में ठीक ठाक है, लेकिन बारिश में छत टपकता है और स्कूल के कमरे पानी से तरबतर हो जाती है। मजबूरी में बच्चों को बारिश में स्कूल छोड़ घर भागना पड़ता है। पिछले कुछ वर्षों से छत के मरम्मत की मांग हो रही है। स्कूल शिक्षा विभाग ने दो-तीन वर्ष पूर्व प्राथमिक शाला भवन मेरेंगाव की नगर पंचायत के माध्यम से मरम्मत कराई थी, लेकिन छत का ऐसा मरम्मत हुआ कि आज शासन-प्रशासन को मरम्मत करने वालों की ही मरम्मत की आवश्यकता है।
कंडम मिडील स्कूल
को हटाने की मांग
नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने नगर के वार्ड 4 में स्थित जर्जर हो चुके पूर्व माध्यमिक शाला भवन को हटाने की मांग जिला प्रशासन से करते नया भवन निर्माण कराने की मांग की है। नगर अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने कलेक्टर को बताया कि कंडम हो चुके इस भवन में कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है। समय रहते ही जल्द से जल्द इसको हटाया जाना चाहिए। श्री मानिकपुरी ने नगर के शासकीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी की समस्या को सत्र के आरंभ से ही दूर करने का आग्रह किया है।
की गई नए भवन
निर्माण की मांग
बीईओ आरके धीवर ने कहा कि नगर के पूर्व माध्यमिक शाला भवन की जर्जर स्थिति की सूचना निरंतर दी जा रही है। नए भवन के निर्माण की मांग की गई है।


