राजनांदगांव

कल 22 केंद्रों में डीएड की परीक्षा में शामिल होंगे 6712 परीक्षार्थी
03-Jun-2026 7:03 PM
कल 22 केंद्रों में डीएड की परीक्षा में शामिल होंगे 6712 परीक्षार्थी

सुबह 9.30 बजे बंद होंगे मुख्य द्वार, 10 से 12.15 बजे तक होगी परीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 3 जून। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा कल 4 जून 2026 को डी.एड. प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिले में परीक्षा के लिए कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें 6712 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन सुबह 10 से दोपहर 12.15 बजे तक किया जाएगा।

जिला प्रशासन एवं परीक्षा संचालन समिति द्वारा परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। व्यापम के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9.30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके पश्चात किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र एवं फोटोयुक्त वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैग, कैलकुलेटर, इयरफोन, धात्विक वस्तुएं तथा किसी भी प्रकार की नकल सामग्री लाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षार्थियों को केवल नीले अथवा काले बॉल पेन की अनुमति होगी। साथ ही परीक्षार्थियों को आधी बाँह वाले सादे एवं हल्के रंग के वस्त्र पहनकर परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना होगा।

 परीक्षा केंद्रों में प्रवेश प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। महिला परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग केवल महिला पुलिस कर्मियों द्वारा तथा पुरूष परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग पुरूष पुलिस कर्मियों द्वारा की जाएगी। परीक्षार्थियों के प्रवेश, सत्यापन एवं फ्रिस्किंग की प्रक्रिया परीक्षा प्रारंभ होने के लगभग दो घंटे पूर्व से शुरू कर दी जाएगी, ताकि सभी अभ्यर्थियों का समय पर प्रवेश सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा की सतत निगरानी के लिए उडऩदस्ता दल, नोडल अधिकारी, पुलिस नोडल अधिकारी एवं पर्यवेक्षक दल की नियुक्ति की गई है, जो पूरे परीक्षा संचालन तक सतत निरीक्षण करेंगे। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचे, आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते परीक्षा के सुचारू, सुरक्षित एवं अनुशासित संचालन में सहयोग प्रदान करें। इससे व्यापम द्वारा आयोजित डी.एड. प्रवेश परीक्षा का सफल एवं निष्पक्ष आयोजन सुनिश्चित किया जा सकेगा।


अन्य पोस्ट