राजनांदगांव
पहली बार पहुंची नांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 मई। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष व बालोद-संजारी विधायक संगीता सिन्हा का शुक्रवार को शहर आगमन पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया।
कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार श्रीमती सिन्हा राजनांदगांव पहुंची। वह सीधे पूर्व महापौर हेमा देशमुख के चिखली स्थित निवास स्थान पहुंची। महिलाओं के अलावा शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने भी उनका स्वागत किया। चिखली स्थित चौक में श्रीमती सिन्हा के स्वागत के दौरान उनके समर्थन में नारे भी लगाए गए। महिला कांग्रेस संगठन के लिए भी नारा लगाया गया। इसके बाद पूर्व महापौर श्रीमती देशमुख के निवास स्थान पर वह काफी देर तक कांग्रेसी नेताओं से भेंट-मुलाकात कर परिचय प्राप्त किया। स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से माया शर्मा, रीना पटेल, शारदा तिवारी, रामक्षत्री चंद्रवंशी, दुलारी साहू समेत अन्य लोग शामिल थे।
फुलबासन से मिलने रवाना
कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती सिन्हा स्वागत-सत्कार के बाद पद्मश्री फुलबासन यादव से मिलने रवाना हुई। उनका आज का पूरा कार्यक्रम फुलबासन यादव के अपहरण मामले से जुड़ा हुआ है। श्रीमती यादव से मुलाकात करने के बाद कार्यकारी अध्यक्ष का राजनांदगांव में प्रेस कान्फ्रेंस का भी कार्यक्रम है। श्रीमती यादव का अपहरण का प्रयास बीते दिनों हुआ था। यह मामला काफी सुर्खियों में है। कांग्रेस इस मुद्दे को महिला सुरक्षा से जोडक़र राजनीतिक सुर्खियां बंटोरने की तैयारी में है। यही कारण है कि श्रीमती यादव से कांग्रेसियों का भेंट करने का सिलसिला जारी है।


