राजनांदगांव

शादी का झांसा दे नाबालिग से रेप, गिरफ्तार
07-May-2026 4:25 PM
शादी का झांसा दे नाबालिग से रेप, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 7 मई। नाबालिग को शादी का प्रलोभन देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया ने 4 मई को रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है। रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में गुम इंसान दर्ज कर अपराध क्रमांक 197/2026 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। 

बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों में लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। फुटेज में अपहृता एवं आरोपी सुजीत अधिकारी को मोटर साइकिल से जाते  संदिग्ध अवस्था में देखा गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम द्वारा लगातार पीछा करते थाना सोनकच्छ जिला देवास मप्र पुलिस के सहयोग से अपहृता एवं आरोपी को बरामद किया गया। अपहृता के कथन अनुसार आरोपी द्वारा उसे बहला-फुसलाकर  मोटर साइकिल से रायपुर ले जाया गया तथा वहां से बस द्वारा मध्यप्रदेश ले जाकर उसके साथ रेप किया गया। उक्त कृत्य के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 65(1) भारतीय न्याय संहिता एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।


अन्य पोस्ट