राजनांदगांव

स्वास्थ्य लाभ के बाद पहली बार नांदगांव पहुंचे रमन सिंह का जोशीला स्वागत
04-May-2026 4:07 PM
स्वास्थ्य लाभ के बाद पहली बार नांदगांव पहुंचे रमन सिंह का जोशीला स्वागत

शीतला मंदिर में सपत्नीक दर्शन के बाद रमन बोले नांदगांव मेरे दिल में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 4 मई। स्वास्थ्य लाभ के बाद रविवार देर शाम को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का राजनांदगांव पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया। विधानसभा अध्यक्ष के सरकारी आवास में पटाखे फोडक़र कार्यकर्ताओं ने डॉ. सिंह के प्रति अपना भावनात्मक लगाव जाहिर किया। उनके कार में फूलों की बारिश की गई।

स्पीकर हाउस में पटाखों की गूंज सुनाई दी। इसके बाद उन्होंने भाजपा के युवा और वरिष्ठ नेताओं से बारी-बारी मुलाकात की। डॉ. सिंह करीब दो माह बाद चिकित्सा लाभ के पश्चात पहली बार शहर पहुंचे। डॉ. सिंह ने कोयटम्बूर में अपने शारीरिक कष्टता का निवारण के लिए उपचार कराया था, तब से वह राजधानी रायपुर में ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। इधर रविवार देर शाम को ही सपत्नीक डॉ. सिंह ने शहर में स्थित शीतला मंदिर में दर्शन लाभ लिया। मां शीतला के दर्शन के दौरान डॉ. सिंह और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती वीणा सिंह ने विशेष पूजा-अर्चना की। बताया जा रहा है कि डॉ. सिंह अपने स्वागत से काफी अभिभूत हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त भी किया।

 राजनांदगांव मेरे दिल में रमन

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने एक भावुक अंदाज में राजनांदगांव की जनता के प्रति गहरा लगाव  होने की बात कहते कहा कि स्थानीय लोग उनके दिल में है। वह सदा राजनांदगांव के प्रति कृतज्ञता जाहिर करते रहे हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि राजनांदगांव की संस्कृति में अपनत्व की एक भावना नजर आती है। यही कारण है कि यहां के लोगों का उनके प्रति प्यार बना हुआ है। वह भी स्थानीय लोगों से जुडक़र एक अपनेपन का अनुभव करते हैं।


अन्य पोस्ट