राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 मई। जिलें में सडक़ों से मवेशी चोरी होने के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस ने पांच युवकों को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई कुछ मवेशी मालिकों की शिकायत के बाद की है।
मिली जानकारी के अनुसार लालबाग पुलिस को पालतू मवेशियों की चोरी की लगातार शिकायत मिल रही थी। पुलिस ने सडक़ में अपनी नजर जमाए रखी और पता चला कि जंगलपुर इलाके में कुछ लोग मवेशियों को ले जाते दिखाए दिए है। पुलिस ने इस सूचना के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस पूछताछ में संदिग्ध लोगों ने बताया कि पांच मवेशियों को अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की गई है। इसके बाद पुलिस ने 3 गाय और एक भैंस बरामद किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से छह हजार नगद और मोटरसाइकिल के अलावा चोरी में प्रयुक्त अन्य सामान को भी जब्त किया। इधर पुलिस ने किशन यादव, मिनेश यादव, समीर यादव तामेश्वर यादव और सुनील यदु नामक 5 युवकों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इस मामले में कुछ लोगों की भूमिका सामने आई है। जिसमें राजनीतिक रसूख रखने वाले शामिल है। हालांकि पुलिस की ओर से ऐसे लोगों के नाम को सामने नहीं लाया गया है। चर्चा है कि पुलिस ने सियासी दल के प्रभाव में आकर एक व्यक्ति पर कार्रवाई नहीं की है।