राजनांदगांव
डोंगरगढ़ क्षेत्र में एक ही दिन हत्या की दो वारदातें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 अप्रैल। जिले के डोंगरगढ़ शहर में सोमवार दोपहर को एक नशेड़ी युवक ने पैसा नहीं देने पर अपनी बुजुर्ग दादी की चाकू से जघन्य हत्या कर दी। घटना में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उधर एक ही दिन डोंगरगढ़ क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना में एक युवक और बुजुर्ग महिला की हत्या की वारदात ने पुलिस की कमजोर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। घटना के पहले बुजुर्ग महिला की हत्या से एक रात पहले रामाटोला में एक युवक की चाकूबाजी में जान चली गई।
मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगढ़ शहर के कश्मीरीपारा में रहने वाली 70 वर्षीय कचरीबाई अपने घर के बाहर घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान बुजुर्ग महिला की नशेड़ी पोते ने अचानक धारदार चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दादी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूत्रों का कहना है कि घटना से कुछ समय पहले मृतिका का रिश्तेदार घर आया था और 500 रुपए दिया था। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने यह सब देख लिया था और पैसे को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है और अक्सर मृतिका के साथ उसका विवाद होता रहता था। घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। हालांकि अब तक आरोपी की अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इधर रविवार की रात डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम रामाटोला में रात करीब 9 बजे एक शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई थी। जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।