राजनांदगांव

शादी से लौटते नांदगांव का एक परिवार सडक़ हादसे का शिकार
28-Apr-2026 3:55 PM
शादी से लौटते नांदगांव का एक  परिवार सडक़ हादसे का शिकार

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 28 अप्रैल। मोहला-मानपुर-अं.चौकी जिले में दल्लीराजहरा स्टेट हाईवे में सोमवार सुबह एक सडक़ हादसे में एक कार में सवार दर्जनभर लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाओं की स्थिति नाजुक बनी हुई है। जबकि कुछ लोगों को मामूली चोट पहुंची।

मोहला-मानपुर जिले में एक दिन पहले  उर्स के कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे परसघाट का एक मुस्लिम परिवार भी भीषण सडक़ हादसे का शिकार हुआ था। जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई थी। सोमवार सुबह हुए सडक़ हादसे में जख्मी परिवार राजनांदगांव के लखोली का रहने वाले हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है। यह घटना स्टेट हाईवे के बोरिया गेट के नजदीक सुबह 9 बजे के आसपास हुआ था।

मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव के लखोली के रहने वाले एक परिवार और अन्य लोग कांकेर जिला के शिलपट में आयोजित एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। शादी में शामिल होने के बाद बालोद जिले के भरदाकला गांव लौटते वक्त लखोली के रहने वाले परिवार की गाड़ी जैैसे ही ग्राम बोरिया और कमानसूर के बीच पहुंची दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

बताया जा रहा है कि गाड़ी काफी तेज गति में थी और किलोमीटर बोर्ड साइनिंग को जोरदार टक्कर मारते कार पलट गई। इसके बाद कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गया। मदद के लिए आसपास से गुजरने वाले लोगों ने हाथ बढ़ाया और इस बीच हादसे की जानकारी पुलिस तक पहुंची। कार में 10 लोग सवार थे। जिसमें दो महिलाओं की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

 इस संबंध में मोहला-मानपुर एसपी वायपी सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। जिसमें आधा दर्जन से ज्यादा जख्मी हुए लोगों को राजनांदगांव रिफर किया गया है। गंभीर रूप से घायल ंमहिलाओं में रूपा साहू 27 वर्ष निवासी लखोली और सपना साहू 28 वर्ष निवासी गनियारी जिला दुर्ग बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट