राजनांदगांव

मजदूर दिवस पर बैज कार्यकर्ताओं संग खाएंगे बोरे बासी
27-Apr-2026 3:28 PM
मजदूर दिवस पर बैज कार्यकर्ताओं संग खाएंगे बोरे बासी

कुर्मदा के आम बगीचा में 1 मई को कांग्रेस का

बोरे बासी तिहार का आयोजन

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 27 अप्रैल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मजदूर दिवस यानी 01 मई को बोरे बासी तिहार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ परंपरागत भोज में शामिल होंगे।

खुज्जी विधानसभा  के कुर्मदा के नजदीक आम बगीचा में कांगे्रस तिहार मनानेे के लिए एक कार्यक्रम कर रही। बैज के अलावा प्रदेश के कुछ प्रमुख नेता भी आयोजन में शरीक होगें। भोज के लिए विशेष बर्तन (बटकी) की खरीदी भी की जा रही है। कांग्रेस ने मई दिवस में मजदूर वर्ग के साथ गहरा जुड़ाव होने का राजनीतिक संदेश देने के लिए हर साल बोरे-बासी खाने को एक गौरव के रूप में प्रचारित कर रही है। इसके अलावा मजदूर दिवस में पिछलेे कुछ सालों से इस दिन को कांग्रेस बोरे-बासी तिहार के रूप में मना रही है। कांग्रेस का मानना है कि बोरे-बासी खाने प्रदेश में एक रिवाज रहा है।

कांग्रेस सरकार ने विलुप्ती के कगार पर पहुंच चुकी इस भोज के खाने का चलन फिर से प्रांरभ किया। पूर्ववर्ती भूपेश बघेल की सरकार में बोरे-बासी तिहार की शुरूआत हुई थी। सत्ता से बाहर होने के बावजूद कांग्रेस बोरे-बासी खाने को एक परंपरागत भोजन के रूप में प्रचार कर रही है। कांग्रेस इस भोज के जरिए आम लोगों से सीधे जुड़ाव महसूस करती है। यही कारण है कि बोरे-बासी तिहार यानी मजदूर दिवस पर कांग्रेस के प्रदेश से लेकर निचले  कार्यकर्ताओं का बोरे-बासी खाने की तस्वीर से सोशल मीडिया अटा रहता है। उधर जिलाध्यक्ष विपिन यादव बोरे-बासी तिहार मनाने को लेकर व्यापक तैयारी में जुटे हुए है। बताया जाता है कि बासी खाने के लिए 300 से ज्यादा कांग्रेसी और ग्रामीण आयोजन में शामिल होंगे। आम बगीचा में आयोजन की व्यवस्था को लेकर तैयारी जोरों पर है।


अन्य पोस्ट