राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 अप्रैल। शहर के मध्य स्थित गांधी चौक में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात को जन्मदिन मनाने के लिए जुटे दोस्तों के बीच चाकूबाजी की घटना में एक युवक घायल हो गया। आधी रात को आपस में हुई चाकूबाजी की घटना से पुलिस के सख्त पहरे के दावे पर भी सवाल खड़ा हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार गांधी चौक में घटना की रात को शोएब खान नामक युवक का जन्मदिन मनाने के लिए राकेश सोनी उर्फ तूफान, अनूप यादव उर्फ मुंडु व महमूद अली समेत कुछ युवक जुटे थे। इस बीच केक काटने को लेकर राकेश सोनी और महमूद अली के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच हो रही कहा-सुनी में अनूप यादव भी आ गया। थोड़ी देर में बात इतनी बिगड़ गई कि राकेश को सभी ने मिलकर पीटने लगे। युवकों ने बेल्ट और डंडे से भी पिटाई की।
इस दौरान अनूप यादव पर राकेश ने अपने एक साथी के साथ चाकू से हमला कर दिया। हमले में अनूप यादव की हथेली भी चोट पहुंची। बताया जा रहा है कि हमला करने वाला तूफान नामक युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस चाकूबाजी की घटना में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। जबकि हमलावर आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
उधर इस वारदात का वीडियो वायरल होने पर पुलिस की रात्रिकालीन गश्त को लेकर सवाल खड़ा हो गया है। कोतवाली पुलिस से लोग सवाल-जवाब कर रहे हैं।


