राजनांदगांव

स्व-गणना प्रक्रिया के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान
26-Apr-2026 9:01 PM
स्व-गणना प्रक्रिया के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 26 अप्रैल।  जिला प्रशासन द्वारा 24 अप्रैल 2026 से ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को जनगणना 2027 की स्व-गणना प्रक्रिया से अवगत कराने विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक ग्रामसभा में ग्रामीणों का स्व-गणना करने की प्रक्रिया से अवगत कराने के साथ ही इसके महत्व, लाभ एवं प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में तहसीलदार डोंगरगांव एवं ग्रामीण प्रभार अधिकारी कमल किशोर द्वारा ग्राम भटगुना में आयोजित ग्रामसभा में शामिल होकर ग्रामीणों को जनगणना-2027 की प्रक्रिया, स्व-गणना के महत्व तथा उसकी सरल डिजिटल कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

तहसीलदार कमल किशोर द्वारा जनगणना पोर्टल का लाइव प्रदर्शन करते ग्रामीणों को मोबाइल फोन के माध्यम से स्व-गणना फॉर्म भरने के संबंध में जानकारी दी गई।

ग्रामसभा में उपस्थित विभिन्न परिवारों की स्व-गणना मौके पर ही पूर्ण कराई गई। उन्होंने बताया कि डिजिटल जनगणना भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधन वितरण एवं प्रशासनिक निर्णयों का आधार होती है। इसलिए प्रत्येक परिवार का सही और समय पर डेटा दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अनिवार्य रूप से स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने और अपने गांव के सही आंकड़े उपलब्ध कराने की अपील की।


अन्य पोस्ट