राजनांदगांव
एसपी ने घुमका थाना सिपाही को किया निलंबित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 अप्रैल। जिले के घुमका थाना में पदस्थ एक आरक्षक द्वारा ग्रामीण से लकड़ी परिवहन के एवज में रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने निलंबन की कार्रवाई की है। आरक्षक का नाम दिनेश कुमार पटेल है।
वीडियो में आरक्षक लकड़ी परिवहन करने की अनुमति के एवज में ग्रामीण से सीधे घूस मांगता दिखाई दे रहा है। मिली जानकारी के अनुसार घुमका थाना के आरक्षक दिनेश कुमार पटेल एक ग्रामीण से वाहन से लकड़ी ढुलाई करने पर रिश्वत मांगते वीडियो में साफतौर पर दिखाई देने के बाद एसपी ने सीधे उसे निलंबित करने का फरमान जारी किया। बताया जाता है कि जैसे ही सोशल मीडिया में जवान को पैसे मांगने देखे जाने के बाद एसपी ने निलंबन का आदेश जारी किया।
बताया जाता है कि इस संबंध में एसपी ने घुमका थाना प्रभारी विजय मिश्रा से विस्तृत जानकारी मांगी। उसके बाद निलंबन का आदेश जारी किया। निलंबन आदेश में जवान को बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोडऩे की हिदायत दी गई है। वहीं एक सप्ताह के भीतर मामले की जांच की विस्तृत रिपोर्ट अफसरों को पेश करने का निर्देश दिया गया है।


