राजनांदगांव

नर्सिंग छात्राओं ने गर्भवती महिलाओं को किया जागरूक
25-Apr-2026 6:29 PM
नर्सिंग छात्राओं ने गर्भवती महिलाओं को किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 25 अप्रैल। गर्भावस्था में किस तरह की सावधानियां रखनी चाहिए और कुप्रथाओं को नजर अंदाज करने समेत अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को लेकर शुक्रवार को जिला अस्पताल में शासकीय नर्सिंग कॉलेज की 7वें सेमेस्टर की छात्राओं ने नुक्कड़ सभा के जरिये एक सामाजिक संदेश दिया।

गर्भवती महिलाओं को जागरूक करते हुए नुक्कड़ सभा में छात्राओं ने कुप्रथाओं को समाप्त करने के साथ जच्चा-बच्चा की सेहत से जुड़ी जानकारियों को साझा किया। मंच में नर्सिंग की छात्राओं ने अलग-अलग तरीके से लोगों तक संदेश देने का प्रयास किया। एक संक्षिप्त कार्यक्रम में छात्राओं ने गर्भावस्था में पोषण, व्यायाम तथा खानपान  को लेकर आवश्यक जानकारी दी।

शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय की छात्राओं ने गर्भावस्था के दौरान रिस्क की स्थिति में बचाव से लेकर अन्य महत्वपूर्ण जानकारी दी। छात्राओं की ओर से पोस्टर, बैलेंस डाईट के अलावा जच्चा-बच्चा की देखभाल और जरूरी जानकारियों से भी लोगों को अवगत कराया। संस्था की प्राचार्य ममता नायक ने बताया कि एएनसी क्लीनिक यानी एसेन्सल केयर फॉर  ए हेल्थी मदर एंड हेल्थी बेबी के माध्यम से छात्राओं के साथ एक कार्यक्रम किया गया। जिसमें सकारात्मक विषयों को लेकर आवश्यक जानकारी दी गई। छात्राओं ने गर्भावस्था में गहन जांच, वजन और ब्लड प्रेशर की नियमित जांच, पोषण की सलाह तथा अन्य सावधानियों को लेकर जानकारी दी गई। आयोजन के दौरान कुप्रथा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई। साथ ही टिटनेस और डिप्थीरिया का टीका लगाने को भी अतिआवश्यक होना बताया गया। छात्राओं के द्वारा नुक्कड़ सभा की प्रस्तुति की सराहना हुई।


अन्य पोस्ट