राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 अप्रैल। राजगामी संपदा अध्यक्ष के पद पर भाजपा नेत्री पूर्णिमा साहू को अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वहीं मनोज निर्वाणी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह पहला मौका है, जब महिला शक्ति के हवाले राजगामी संपदा को हवाले किया गया है। यानी पूर्णिमा साहू अध्यक्ष के पद पर विराजमान होने वाली पहली महिला है।
पूर्णिमा साहू के पति नंदू साहू विश्व हिन्दू परिषद से जुड़े हुए हैं। इस पद को लेकर काफी गहमा-गहमी थी। अध्यक्ष पद के लिए गैर वैष्णव समाज से नाम सामने आने का वैष्णव समाज ने काफी विरोध किया था। इसी के चलते राजनीतिक संतुलन बनाए रखने के इरादे से मनोज निर्वाणी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। निर्वाणी वैष्णव समाज के हैं। इसी के साथ काफी समय से रिक्त उक्त पदों पर नियुक्ति हो गई। हालांकि संपदा के सदस्यों की नियुक्ति पर विचार नहीं किया गया है। बहरहाल पूर्णिमा साहू अध्यक्ष मनोनीत की गई है। उपाध्यक्ष के रूप में मनोज निर्वाणी को जिम्मा दिया गया है।


