राजनांदगांव
शहर विकास के लिए की नई घोषणाएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 अप्रैल। महापौर मधुसूदन यादव ने बुधवार को अपने कार्यकाल के दूसरे बजट में शहर विकास को लेकर कई घोषणाएं की है। वहीं उन्होंने 15 लाख रुपए का बजट पेश किया। जिसमें उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय अनुमान प्रस्तुत करते सदन को बताया कि 2025-26 के बजट प्रावधानों के विरूद्ध 474 करोड़ 20 लाख 50 हजार रुपए तथा पुनरीक्षित व्यय 478 करोड़ 26 लाख रुपए है। वर्ष 2026-27 का अनुमानित प्रारंभिक अवशेष राशि 63 करोड़ 81 लाख 53 हजार रुपए की संभावना है। इसे मिलाकर कुल 643 करोड़ 64 लाख 71 हजार रुपए होता है। इसलिए 15 लाख रुपए का लाभ का बजट प्रस्तावित है।
महापौर श्री यादव ने पेयजल व्यवस्था, जलसंयंत्र गृह मरम्मत, पाईप लाइन विस्तार, कुंओं का संरक्षण, निर्धन छात्रा व्यवस्था, शिक्षा व्यवस्था, वृक्षारोपण, क्रिकेट टर्फ एवं खेलकूद सहित अन्य अधोसंरचना कार्य करने की घोषणा की। महापौर ने करीब 40 योजनाओं में काम करने का सदन में वादा किया है। इसके अलावा पूर्व के बजट की दीर्घकालीन योजनाएं जैसे पुतरीशाला उन्नयन, गुडाखू लाईन औषधालय व पुराना बस स्टैंड में शॉपिंग काम्प्लेक्स निर्माण, चिखली ओवरब्रिज से चिखली रोड़ चौड़ीकरण, रॉ-वॉटर के मोंगरा बैराज से पाईप लाइन विस्तार समेत अन्य कार्य को भी बजट में समाहित किया है। महापौर श्री यादव के बजट प्रस्तुत करने पर भाजपा पार्षदों ने जमकर तालियां बजाई। वहीं विपक्ष ने बजट की खामियों को सदन में रखा।


