राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 अप्रैल। शहर के पार्रीनाला स्थित हजरत सैयद जलालुद्दीन शाह बाबा दरगाह परिसर में सालाना उर्स पाक का भव्य आयोजन बुधवार से परचम कुरसाई रस्म के साथ उर्स प्रारंभ हो गया। चार दिनी उर्स में दरगाह कमेटी की ओर से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
बुधवार को परचम कुरसाई रस्म अता करने के बाद परंपरागत रूप से उर्स शुरू हुआ। चार दिनी उर्स में अलग-अलग दिनों में कव्वालों की भारी-भरकम आवाज सुनाई देगी। इधर हजरत जलालुद्दीन शाह के दरगाह को आकर्षक रूप दिया गया है। रात में दरगाह की कृत्रिम रौशनी चमकदार हो गई है। ऐसे में लोगों की निगाह दरगाह पर पड़ रही है। आकर्षक विद्युत व्यवस्था से उर्स का उत्साह बढ़ा हुआ है।
उर्स पाक के अवसर पर दरगाह परिसर में चार दिनों तक धार्मिक कार्यक्रम, फातेहा, चादरपोशी, दुआएं और जायरीन की आमद रहेगी। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही है, ताकि दूर-दराज से आने वाले जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दरगाह कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद इरफान शेख ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी उर्स पाक पूरी अकीदत और शानो-शौकत के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 21 से 25 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
उर्स पाक के खास मौके पर 24 और 25 अप्रैल की रात बेमिसाल कव्वाली कार्यक्रम रखा गया है। जिसमें मशहूर कव्वाल अपनी प्रस्तुति देंगे। 24 अप्रैल रात 10 बजे से मशहूर कव्वाल जुनैद सुल्तानी एवं हबीब पेंटर अपनी शानदार सूफियाना कलाम पेश करेंगे। 25 अप्रैल रात 10 बजे से प्रसिद्ध कव्वाल अनीश नवाब एवं जुबैर सुल्तानी कव्वाली की महफिल सजाएंगे। आयोजन में प्रदेश के कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। जिसमें छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलीम राज, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान सहित कई वीआईपी अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।
आयोजन समिति ने शहर एवं आसपास के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उर्स पाक और कव्वाली कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।


