राजनांदगांव

दंपति को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा, मौत
17-Apr-2026 4:42 PM
दंपति को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा, मौत

स्कूटी से डोंगरगढ़ जा रहे थे

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 17 अप्रैल। नेशनल हाईवे स्थित तुमड़ीबोड़ के करीब गुरुवार देर शाम को एक तेज रफ्तार वाहन ने राजनांदगांव से डोंगरगढ़ जा रहे एक दंपत्ति को रौंद दिया। हादसे में दोनों बुरी तरह से जख्मी हो गए। पति-पत्नी को घायल हालत में राजनांदगांव के सरकारी अस्पताल लाया गया, लेकिन दोनों की तब तक मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगढ़ के बधियाटोला के रहने वाले 60 साल के श्यामलाल महोबिया अपनी पत्नी चित्ररेखा महोबिया (55 वर्ष) के साथ एक स्कूटी से राजनांदगांव से जाने निकले थे। तुमड़ीबोड़ से लगभग 2 किमी पहले कोपेडीह स्थित जैन मंदिर के ठीक सामने अचानक पीछे से दंपति के दोपहिया को पिकअप वाहन ने ठोकर मार दी। हादसे में दोनों बुरी तरह से जख्मी हो गए। काफी देर तक दोनों सडक़ में ही घायल हालत में मदद के लिए आवाज लगाते रहे। इस बीच पेट्रोलिंग ने घायलों को   राजनांदगांव अस्पताल लाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक दंपत्ति किसी काम से राजनांदगांव आए थे और वह शाम को अपने घर बधियाटोला जाने निकले थे। घटना में दंपति की दोपहिया भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी में पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट