राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 अप्रैल। बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) का दुरूपयोग कर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी को पुलिस ने मध्यप्रदेश के बालाघाट से गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक एलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधों एवं धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली को साइबर धोखाधड़ी के मामले में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। प्रार्थी निरीक्षक रामेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) बीएनएस कायम किया गया था। विवेचना के दौरान यह पाया गया कि आरोपी द्वारा फर्जी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) और सिम कार्ड का उपयोग कर ऑनलाइन अवैध लेनदेन किया जा रहा था।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी कृष्ण सोनकर से प्राप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बालाघाट मध्यप्रदेश में दबिश दी। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक नग मोबाइल जब्त किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपी शाहरुख खान 38 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 3 प्रिंस कॉलोनी थाना कोतवाली जिला बालाघाट मध्यप्रदेश के कृत्य पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर 14 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


