राजनांदगांव
मोहला-मानपुर के चिल्हाटी क्षेत्र का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 अप्रैल। मोहला-मानपुर जिले के चिल्हाटी क्षेत्र के एक प्रेमी जोड़े ने आपसी विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों का सामाजिक स्तर पर विवाह की तैयारी थी। इससे पहले यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों प्रेम संबंध के चलते एक साथ रह रहे थे। परिजनों ने दोनों का सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह करने का निर्णय लिया था। शनिवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और सोमवार सुबह चिल्हाटी क्षेत्र के जंगल में दोनों एक साथ फांसी के फंदे में लटके पाए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक चिल्हाटी थाना क्षेत्र के शिवराजपुर के रहने वाले कांशीराम यादव (25) और औंधी क्षेत्र की रहने वाली दासू यादव (24) के बीच लंबे समय से प्रेम-संबंध था। दोनों लिव-इन में रह रहे थे। परिजनों को शुरूआत में यह बात अटपटी लगी, फिर दोनों के परिजन सामाजिक रूप से विवाह करने के लिए तैयार हो गए। इधर परिवार की तैयारी के बीच शनिवार को प्रेमी जोड़े में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और सोमवार सुबह जंगल में दोनों का शव एक साथ फांसी के फंदे में लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।