राजनांदगांव

निर्माण स्थल से लोहे की छड़ चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
12-Apr-2026 8:41 PM
निर्माण स्थल से लोहे की छड़ चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 12 अप्रैल। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त लोहे की छड़ों की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया माल भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी राजकुमार सांखला ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 अप्रैल को उनकी निर्माणाधीन साइट ‘सनसिटी कॉलोनी’ से लगभग 70 हजार रुपये मूल्य की 10 एमएम की लोहे की छड़ें अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान संदेहियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर मोहारा बायपास स्थित एक स्थान से चोरी की गई लोहे की छड़ें बरामद कर जब्त की गईं।

गिरफ्तार आरोपियों  अजय लसेल (21 वर्ष), निवासी ग्राम कुम्हीगुड़ा, जिला बेमेतरा, करवा जयदेव उर्फ जयदीप (24 वर्ष), निवासी गौरी नगर, राजनांदगांव, प्रथम हरिहारणों (22 वर्ष), निवासी नदई कसेरपारा, राजनांदगांव हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 11 अप्रैल को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


अन्य पोस्ट