राजनांदगांव

ठंडार में लो-वोल्टेज की समस्या हुई दूर
11-Apr-2026 4:40 PM
ठंडार में लो-वोल्टेज  की समस्या हुई दूर

नया ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों ने जताया आभार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 11 अप्रैल। खैरागढ़ जिले के गंडई उपसंभाग के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत ठंडार में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या का विद्युत विभाग ने सफलतापूर्वक निराकरण कर दिया है। चौक और मोहल्ले में वोल्टेज कम होने के कारण ग्रामीणों को घरेलू विद्युत उपकरणों के संचालन और पेयजल संसाधनों जैसे बोरवेल व पंप के उपयोग में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था।

 समस्या की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के मैदानी अधिकारियों ने तत्काल मौके का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि एलटी लो-टेंशन लाइन अत्याधिक लंबी होने के कारण वोल्टेज ड्रॉप हो रहा था और अंतिम छोर तक पर्याप्त बिजली नहीं पहुंच पा रही थी।  चौक-मोहल्ले के लिए विशेष रूप से नया डीपी पोल खड़ा कर वितरण ट्रांसफार्मर चार्ज (चालू) किया गया।  लंबी निम्नदाब लाइन की लंबाई को कम किया गया और लोड को नए ट्रांसफार्मर पर सुचारू रूप से विभाजित किया गया।  इन कार्यों के पूर्ण होते ही ग्राम पंचायत ठंडार के रहवासियों को अब बिना किसी ट्रिपिंग और पर्याप्त वोल्टेज के साथ 24 घंटे बिजली की सुविधा मिलने लगी है। विद्युत अधोसंरचना के इस विकास कार्य के पूरा होने पर गांव के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई है। भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली की समस्या दूर होने से पूरा गांव राहत महसूस कर रहा है।

इस कार्य के सफलतापूर्वक और रिकॉर्ड समय में क्रियान्वयन के लिए ग्राम ठंडार के पूर्व सरपंच तानसेन साहू, राज यादव, गोपी वर्मा,  ओमलाल जंघेल, गुलेश्वर वर्मा सहित ग्रामवासियों ने विभाग के प्रति कृतज्ञता प्रकट की है। ग्रामीणों ने खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता आलोक दुबे, सहायक अभियंता गंडई किरण जांगड़े, कनिष्ठ अभियंता हरिप्रसाद जंघेल एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया है।


अन्य पोस्ट