राजनांदगांव

नोटों से भरा बैग लूटने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
11-Apr-2026 3:09 PM
नोटों से भरा बैग लूटने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 11 अप्रैल। जमीन दिखाने व नोट डबल करने का झांसा देकर लाखों रुपए की झपटमारी करने वाले आरोपी को बसंतपुर पुलिस ने कुछ ही घंटों में पकडक़र जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नोटों से भरा बैग बरामद कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र गोंदिया जिला के साल्हेकसा के ग्राम पाउडदउना निवासी प्रार्थी जयराम नागपुरे ने बसंतपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 9 अप्रैल को वह अपने साथी नर्मदा प्रसाद लाउत्रे के साथ आरोपी मनोज जोशी उर्फ  अमित हट्टेवार के कहने पर जमीन देखने राजनांदगांव के मोहारा आया था।

 जमीन का बयाना देने के लिए प्रार्थी अपने पास रखे काले रंग के बैग में कुल एक लाख 75 हजार रुपए लेकर आया था और आरोपी का इंतजार कर रहा था।   लगभग 4.30 बजे आरोपी वहां पहुंचा और बातचीत के दौरान प्रार्थी को असली नोट के बदले डबल कर नकली नोट देने का लालच दिया।

इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर प्रार्थी के पास रखे एक लाख 75 हजार रुपए से भरे बैग को झपटकर हाईवे रोड की ओर भाग गया। 

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में धारा 304 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम द्वारा तत्काल आरोपी की पतासाजी कर संभावित स्थानों पर दबिश दी गई।  घेराबंदी कर आरोपी मनोज जोशी उर्फ  अमित हट्टेवार को गिरफ्तार किया गया।

 पूछताछ के दौरान आरोपी ने प्रार्थी से नोटों से भरे बैग की झपटमारी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से काले रंग का बैग एवं उसके अंदर रखे एक लाख 75 हजार रुपए बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया तथा न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर जिला जेल राजनांदगांव भेजा गया।


अन्य पोस्ट