राजनांदगांव
शातिर आरोपियों ने 2 हजार से ज्यादा युवतियों की फेक आईडी बनाकर की ठगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अप्रैल। राजनांदगांव में एक फर्जी मैरिज ब्यूरो की आड़ में लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवती समेत दो को गिरफ्तार किया है। युवती ने एक युवक के साथ मिलकर 2 हजार से ज्यादा युवतियों की सोशल मीडिया में फेक आईडी बनाकर लोगों के साथ ठगी की। आरोपियों द्वारा लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो का संचालन कर युवकों से वाट्सअप के जरिये संपर्क साधकर लाखों रुपए की ठगी की। पुलिस ने युवती और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। युवती राजनांदगांव के लेबर कालोनी और युवक कबीरधाम जिले के पांडातराई क्षेत्र का रहने वाला है।
फर्जी तरीके से मैरिज ब्यूरो संचालन का भंडाफोड करते एएसपी कीर्तन राठौर, सीएसपी अलेक्जेंडर किरो ने जानकारी देते बताया कि लेबर कालोनी की रहने वाली नेहा पाठक (23 वर्ष) और उसका साथी धर्मेन्द्र मानिकपुरी (32 वर्ष) ने पिछले कुछ सालों में फर्जी फोटो डाउनलोड कर आईडी बनाकर युवकों को रिझाने का काम किया। इसके बाद रजिस्ट्रेशन पैकेज व फैमिली मीटिंग के नाम पर वसूली की। इस तरह युवक-युवती ने मिलकर 38 लाख रुपए की ठगी की।
आरोपियों ने 2 हजार 286 युवतियों का फोटो डाउनलोड कर फेंक आईडी बनाया। युवतियों की फेंक आईडी के चलते मैरिज कराने का झांसा आरोपियों द्वारा दिया जाता था। आरोपियों द्वारा युवकों से 30 से 40 हजार रुपए अलग-अलग कारण का हवाला देकर वसूली की गई। आरोपियों का शिकार बने एक पीडि़त ने पुलिस से लिखित शिकायत की। जांच में आरोपियों को पुलिस ने धरदबोचा। आरोपियों के कब्जे से 7 नग एंड्राईड, 14 नग की-पैड मोबाइल तथा 9 नग रजिस्टर कापी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने से पहले उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। उसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा अलग-अलग तरीके से शादी कराने का प्रलोभन देकर युवकों को झांसे में लिया जाता था। कई युवकों को फीस के नाम पर आरोपियों ने आर्थिक रूप से चूना लगाया। प्रेसवार्ता में सीएसपी वैशाली जैन भी उपस्थित थी।