राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 अप्रैल। कचरा संग्रहण केंद्र से मशीनों को चोरी करने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को पकडक़र कार्रवाई की। साथ ही 3 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्यायालय राजनांदगांव में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार छुईखदान के वार्ड क्र. 1 निवासी संदीप वैष्णव ने 31 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराया कि ग्राम गोपालपुर स्थित रिपा प्रोजेक्ट (राधापुर खार आमगांव रोड) के कचरा संग्रहण केंद्र में लगी मशीनों से 9 नग मोटर एवं 01 नग बोर मोटर (पुरानी इस्तेमालशुदा) कुल कीमत लगभग 3 लाख 90 हजार रुपए को अज्ञात चोर द्वारा 26 से 27 मार्च के मध्य शटर का ताला तोडक़र चोरी कर लिया गया। इस पर थाना छुईखदान में धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीोबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों को पकडक़र पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि वे मोटर साइकिल एवं स्कूटी से घटना स्थल पहुंचे। रात्रि में रिपा प्रोजेक्ट परिसर में घुसकर पाना/पेंचकस आदि औजारों से मोटर खोलकर कटर मशीन से काटा और चोरी का माल कबाडिय़ों को बेच दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रवि निषाद 19 साल निवासी केंवटपारा छुईखदान, रामसुफल निषाद 45 वर्ष निवासी सिवनी, नासिर खान उर्फ कब्बु 50 वर्ष निवासी पठानपारा छुईखदान शामिल हैं। उक्त आरोपियों को न्यालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। साथ ही 3 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्यायालय राजनांदगांव में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


