राजनांदगांव
दोस्तों संग घूमने गया युवक पानी में डूबा, आज सुबह मिली लाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 मार्च। राजनांदगांव के एक युवक की बालोद के डौंडीलोहारा ब्लॉक में स्थित खरखरा जलाशय में डूबने से मौत हो गई। युवक का शव सोमवार सुबह गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद ढूंढ निकाला। 27 साल के युवक की मौत की खबर से स्थानीय तुलसीपुर में शोक का माहौल है। परिजन और रिश्तेदार घटना से सदमे में है।
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को तुलसीपुर के रहने वाले प्रवीण ठाकुर अपने तीन दोस्तों के साथ खरखरा जलाशय घूमने के लिए गया था। दोपहर को खाना खाने के बाद प्रवीण अपने दोस्तों के साथ बांध के केनाल के पास तेज बहाव वाले जगह में उतर गया।
बताया जा रहा है कि बांध के केनाल से तेज बहाव के साथ पानी छोड़ा जा रहा था। इसी बहाव में प्रवीण केनाल की गहराई में जाकर डूब गया। इस घटना के तीनों साथी प्रत्यक्ष गवाह हैं। बताया जा रहा है कि चारों दोस्तों में एक को छोडक़र तीनों पानी में उतरे। इस दौरान प्रवीण पानी में डूब गया। शाम होने की वजह से आज सुबह गोताखोरों ने केनाल से लगभग 200 मीटर दूर शव को बाहर निकाला।
इस संबंध में संजारी पुलिस चौकी प्रभारी अरविंद साहू ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि मृतक और उसके साथी कल जलाशय में घूमने के लिए आए थे और पानी में उतरने के दौरान प्रवीण ठाकुर की डूबने से मौत हो गई। मृतक प्रवीण और उसके तीनों साथी स्थानीय गुरूनानक एजेंसी के कर्मचारी हैं। रविवार को अवकाश होने की वजह से चारो घूमने के लिए जलाशय पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में हल्की चोट पहुंची है। साथ ही पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।