राजनांदगांव

रेल्वे पुलिस ने दो नाबालिग को सुरक्षित बचाया
29-Mar-2026 5:55 PM
रेल्वे पुलिस ने दो नाबालिग  को सुरक्षित बचाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 29 मार्च। ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत दो नाबालिग बालकों को रेल्वे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव ने सुरक्षित बचाया।

मिली जानकारी के अनुसार मंडल सुरक्षा आयुक्त  नागपुर दीपचंद आर्य के निर्देशन एवं निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट राजनांदगांव द्वारा ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते  के अंतर्गत 27 मार्च को दो नाबालिग बालकों को सुरक्षित बचाकर चाइल्ड लाइन को सुपुर्द किया गया। प्राप्त सूचना के अनुसार गाड़ी संख्या 18030 शालीमार एक्सप्रेस में दो नाबालिग बालक बिना अभिभावक के संदिग्ध स्थिति में यात्रा करते पाए गए। ऑन ड्यूटी टीटीई गोपाल यादव द्वारा सतर्कता दिखाते बच्चों को सुरक्षित रूप से आरपीएफ  को सुपुर्द किया गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ  स्टाफ  ने त्वरित कार्रवाई करते राजनांदगांव स्टेशन पर गाड़ी के आगमन पर संबंधित कोच में पहुंचकर बच्चों को अपनी सुरक्षा में लिया। इस कार्रवाई  में आरक्षक एसएस भोयर एवं महिला आरक्षक  ललिता की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ बच्चों को सुरक्षित पोस्ट तक लाया। पोस्ट में लाकर निरीक्षक तरूणा साहू द्वारा बच्चों से अत्यंत संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की गई। जिसमें ज्ञात हुआ कि एक बालक की आयु लगभग 10 वर्ष है, जो कक्षा तीसरी में अध्ययनरत है तथा दूसरा बालक लगभग 12 वर्ष का है, जो कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत है।

दोनों बालक उतई क्षेत्र में अध्ययन करते हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वे ट्यूशन जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में भटककर  अज्ञात कारणों से रेलवे स्टेशन पहुंच गए और अनजाने में ट्रेन में सवार हो गए। यह घटना बच्चों की मासूमियत के साथ-साथ समाज में उनकी सुरक्षा के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी को भी उजागर करती है।

पूरे घटनाक्रम की सूचना तत्काल संबंधित पुलिस अधिकारियों, जीआरपी, स्टेशन प्रबंधन एवं चाइल्ड लाइन को दी गई। साथ ही बच्चों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें वीडियो कॉल के माध्यम से बात कराकर उन्हें आश्वस्त किया गया। तत्पश्चात निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते दोनों नाबालिग बालकों को सुरक्षित एवं सकुशल चाइल्ड लाइन राजनांदगांव के समन्वयक  पंकज साहू को सुपुर्द किया गया, ताकि उन्हें उनके परिजनों से मिलाया जा सके। परिजनों द्वारा अपने मासूम बच्चों को अपने पास पाकर रेल सुरक्षा बल राजनांदगांव के थाना प्रभारी तरुणा साहू को धन्यवाद व्यापित किया।

 ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के माध्यम से हर बच्चे की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल राजनांदगांव आम नागरिकों से अपील करता है कि यदि कोई बच्चा कहीं भी संदिग्ध या असहाय स्थिति में दिखाई दे तो तुरंत रेलवे के हेल्प लाइन नम्बर 139 में काल करें अथवा संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सूचित करें, ताकि समय रहते उनकी सहायता की जा सके।


अन्य पोस्ट