राजनांदगांव

एक अप्रैल से जिले में खुलेंगी शराब की तीन नई दुकानें
29-Mar-2026 4:22 PM
एक अप्रैल से जिले में खुलेंगी शराब की तीन नई दुकानें

विरोध के बावजूद गौरव ग्राम घुमका, खुज्जी और रंगीटोला में खुलेंगी शराब दुकान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 29 मार्च। आबकारी विभाग ने जिले में तीन नए शराब दुकान खोलने की तैयारी कर ली है। एक अप्रैल से मौजूदा शराब दुकानों की तादाद में इजाफा होना तय है। नए वित्तीय वर्ष के पहले दिन घुमका, खुज्जी और रंगीटोला में शराब की दुकाने खुलेंगी।

आबकारी विभाग के इस फैसले का राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर पुरजोर विरोध भी हो रहा है। खासतौर पर घुमका में शराब दुकान खोलने के निर्णय को लेकर जनविरोधी माहौल बन रहा है। घुमका को गौरवग्राम के रूप में माना जाता है। पहले भी यहां दुकानें खोलने की कोशिशें हुई है। क्षेत्रीय लोगों के विरोध के चलते दुकान खोलने के फैसले पर सरकार को अपना निर्णय वापस लेना पड़ा था।

इस बीच जिले में तीन नए दुकान खुलने से आबकारी विभाग को राजस्व में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है। राज्य शासन द्वारा नए शराब दुकानों के लिए मंजूरी दे दी गई है। इसमें रंगीटोला (चिचोला), खुज्जी तथा घुमका में शराब दुकान खोला जाएगा। बताया जा रहा है कि सरकार की अपनी आय में बढ़ोत्तरी करना पहली प्राथमिकता है। इसी के चलते विरोध के बावजूद दुकाने खोलने पर सरकार आमादा है। जिले में वर्तमान में 17 कम्पोजिट और एक प्रीमियम शराब दुकान संचालित है। प्रीमियम शॉप (महंगी और ऊंची शराब) स्थानीय भदौरिया चौक में स्थित है। सालाना सर्वाधिक बिक्री  के मामले में राजनांदगांव की स्थिति बेहतर नहीं है। यही कारण है कि राज्य सरकार को नए शराब दुकान खोलने की सलाह दी गई थी। सरकार ने शराब दुकानों के खोलने में देरी नहीं की। इस बीच घुमका में सर्वाधिक  विरोध शुरू हो गया है। गौरव ग्राम होने की वजह से घुमका में विरोध एक आंदोलन का रूप ले सकता है। बहरहाल आबकारी विभाग को 2026-27 में शराब के जरिये करोड़ों रुपए का राजस्व जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। 2025-26 में मिले 430 करोड़ के लक्ष्य को विभाग ने हासिल किया है।


अन्य पोस्ट