राजनांदगांव

जिले में नशामुक्ति की दिशा में करें प्रभावी कार्रवाई- कलेक्टर
26-Mar-2026 4:38 PM
जिले में नशामुक्ति की दिशा में करें प्रभावी कार्रवाई- कलेक्टर

स्कूली बच्चों के बैग की ले रैंडम तलाशी, हॉस्टलों का करें निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 26 मार्च। मोहला-मानपुर-अं. चौकी कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिले में नशामुक्ति अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने संबंधित अधिकारियों को समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि एक सामाजिक अभियान है। जिसमें सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह, जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर, एसडीएम मानपुर अमितनाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर डीआर धु्रव सभी थाना प्रभारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर  ने निर्देशित किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह ने महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने के निर्देश देते कहा कि अंतरराज्यीय गतिविधियों पर नजर रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल स्टोर्स का नियमित निरीक्षण करने तथा प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कोटपा एक्ट के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी लेते शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को भी इसके अंतर्गत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्राम पंचायतों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्कूली बच्चों को नशे से दूर रखने हेतु स्कूल बैग की रैंडम जांच तथा छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे कैलेंडर बनाकर नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत नियमित गतिविधियां संचालित करें एवं आमजन को जागरूक करें। कानून व्यवस्था के मद्देनजर कलेक्टर ने ग्रामों में उत्पन्न होने वाली सामूहिक समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा जिला प्रशासन को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त रखने तथा परीक्षाओं के मद्देनजर अनावश्यक कोलाहल पर नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने सूखा नशा के मामलों में विशेष सतर्कता बरतने एवं कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सडक़ सुरक्षा के विषय में जानकारी लेते ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा तथा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हांकित कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि वे संस्था प्रमुखों से विद्यालय परिसरों के 100 मीटर के दायरे में कोटपा एक्ट के उल्लंघन न होने संबंधी प्रमाण पत्र प्राप्त करें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने सभी विभागों के समन्वय से जिले में नशा मुक्ति एवं कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु सहयोग की बात कही। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के आपसी समन्वय से जिले में बेहतर कार्य हो रहा है, जो कानून एवं व्यवस्था के लिए सकारात्मक है। आगे भी सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें।


अन्य पोस्ट