राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 मार्च। वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर नगर निगम द्वारा राजस्व वसूली में कड़ाई बरतते प्रतिदिन कार्रवाई की जा रही है। बकायेदारों का नाम प्रकाशित कर नल विच्छेदनकर किया जा रहा है तथा दुकानें भी सील की जा रही है। दुकानें सील करने की कड़ी में मंगलवार को चिखली स्कूल के पास मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजनांतर्गत निर्मित दुकानों में 7 दुकानें सील की गई एवं 6 दुकानों से कब्जा हटाने कब्जाधारी को नोटिस दिया गया। वित्तीय वर्ष समाप्ति के माह अंत में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली के लिए महापौर मधुसूदन यादव एवं नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा राजस्व विभाग की प्रतिदिन मानिटरिंग कर रहे हैं तथा बडे बकायेदारों को अपने बकाया करो का भुगतान करने समझाईस दे रहे हैं। निर्देश पर राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में निगम का अमला दुकानें सील करने एवं नल विच्छेदन की कार्रवाई कर रही है।
दुकानें सील करने की कड़ी में मंगलवार को चिखली स्कूल के पास मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजनांतर्गत की निर्मित दुकानों के दुकानदारों द्वारा नोटिस उपरंात भी अनुबंध नहीं कराकर किराया जमा नहीं किया जा रहा था, जिस पर कार्रवाई करते 7 दुकानें सील की गई। वहीं 6 दुकानों से अवैध कब्जा खाली कर निगम को आधिपत्य सौंपने नोटिस दिया गया। कुल 22 दुकानों में 9 दुकानों का अनुबंध निष्पादित हुआ था, शेष 13 दुकानों में 7 दुकानों का अनुबंध नहीं हुआ था और 6 दुकाने अवैध कब्जा था, उक्त दुकानों में कार्रवाई की गई।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बताया कि शासन लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली किया जाना है, वसूली के लिए करदाताओं को करों का भुगतान करने अपील की जा रही है। बडे बकायेदारों को नोटिस दिया गया है। भुगतान नहीं करने की स्थिति में दुकानें सील करने तथा नल विच्छेदन की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा कुर्की की भी तैयारी की जा रही है। उन्होंने करदाताओं से कहा कि अपने बकाया कर एवं किराये की राशि का भुगतान समय पर कर अधिभार एवं निगम की कार्रवाई से बचे।