राजनांदगांव
हितग्राहियों को जारी किया गया था नोटिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 मार्च। प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 के बीएलसी के पात्र हितग्राही जिन्होंने किस्त की राशि लेने के उपरांत भी अपने आवास निर्माण कार्य को आगामी स्तर तक नहीं पहुंचाए हैं, उन पर अब प्रशासन देय राशि वसूलने की कार्रवाई कर रही है।
नगर पालिक निगम राजनांदगांव में योजना अंतर्गत बीएलसी के तहत 7956 आवासों की स्वीकृति प्राप्त हुई थी। उस स्वीकृति के विरूद्ध 7778 पूर्ण एवं 178 आवास अलग-अलग स्तर पर शहर के विभिन्न वार्डों में निर्माणाधीन है। इन्हीं निर्माणाधीन आवासों में से 145 आवास पिछले चार वर्षों से अपने निर्माण की गति को आगे नहीं बढ़ाने के कारण निकाय की प्रगति धूमिल भी हो रही है।
राशि लेकर आवास निर्माण कार्य नहीं करने वाले हितग्राहियों पर अब प्रशासन ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने विभागीय प्रक्रिया कराकर आवास निर्माण की गति को आगे नहीं बढ़ाने वाले हितग्राहियों से राशि वसूलने या निर्माण काम में गति लाने उन्हें नोटिस जारी कर तहसील कार्यालय में उपस्थित होने 145 हितग्राहियों से कहा गया, जिस पर 17 हितग्राही तहसील कार्यालय में उपस्थित हुए, जहां एसडीएम गौतमचंद पाटिल ने 24 मार्च को अपने कार्यालय में योजना का लाभ लेकर लापरवाही बरतने वाले, शासकीय राशि का दुरूपयोग करने वाले 17 हितग्राहियों की विशेष पेशी ली और दो टूक शब्दों में उन्हे चेतावनी दी कि आवास निर्माण कार्य में गति लाएं या राशि निगम कोष में जमा करें। यदि राशि अन्य कार्यों में खर्च किया तो कड़ाई से वसूली की जाएगी और संपत्ति की नीलाम की जाएगी।
पेशी के दौरान यह बात सामने आई कि बहुत से हितग्राहियों ने प्रथम किस्त की राशि प्राप्त तो कर ली, लेकिन अपने आवास निर्माण कार्य को आगे नहीं बढ़ा कर अन्य निजी कार्यों में खर्च कर दिया। एसडीएम ने इसे शासकीय राशि का दुरूपयोग मानते सख्त निर्देश दिए हैं कि 10 अपै्रल 2026 तक अगर आवास निर्माण स्तर आगे नही बढ़ाते तो इनके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई करने की बात पेशी के दौरान संबंधित हितग्राहियों से की गई।
आयुक्त ने जानकारी दी कि योजना का उद्देश्य निकाय के सभी गरीब जरूरतमंद परिवारों को उनकी स्वयं की भूमि पर पक्का आवास निर्माणा में सहयोग करना है। निकाय स्तर पर 145 ऐसे हितग्राही हैं जो पिछले 2 से 3 वर्षों से आवास निर्माण कार्य को आगे नहीं बढ़ा रहे, ऐसे सभी हितग्राहियों को लगातार निकाय स्तर पर समझाईस एवं नोटिस दी गई, पर वे इस पर गंभीर नहीं थे। इस कारण अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से नोटिस प्रदान कर लापरवाही करने वाले हितग्राहियों पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शासकीय राशि लोक कल्याण के लिए है ना कि व्यक्तिगत उपयोग हेतु होती है, यदि कोई व्यक्ति इसका गलत उपयोग करता है, तो प्रशासन सख्त कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी। अनुविभागीय अधिकारी के कार्यालय से नोटिस जारी कर सभी आवास निर्माण कार्य नहीं करने वाले हितग्राहियों को अंतिम अवसर दिया गया है।