राजनांदगांव

5 दिन में सवा दो लाख श्रद्धालु पहुंचे मां के दरबार
23-Mar-2026 4:26 PM
5 दिन में सवा दो लाख श्रद्धालु पहुंचे मां के दरबार

बम्लेश्वरी दर्शन के लिए दिन के बजाय रात को उमड़ रही भीड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 23 मार्च। चैत्र नवरात्रि में 5 दिन में सवा दो लाख श्रद्धालुओं ने मां बम्लेश्वरी के दरबार में माथा टेका। कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं की तादाद दर्शन के लिए एक भीड़ की शक्ल में पहुंच रही है।

सीढिय़ों के साथ-साथ रोपवे से श्रद्धालुओं की आवाजाही हो रही है। रोपवे में दर्शन के लिए भक्तों को अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। रोपवे में  वी-वीआईपी की आवाजाही से आम भक्तों को दिक्कतें भी हो रही है। मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए चैत्र नवरात्रि में परंपरागत रूप से पूजा-अर्चना और आरती की भी व्यवस्था की गई है। जोत का दर्शन करने के लिए लोग परिवार के साथ पहुंच रहे हैं। इस साल भी देश-विदेश के भक्तों ने बड़ी संख्या में जोत प्रज्जवलित किया है।

एक जानकारी के मुताबिक अब तक 2 लाख 35 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर में माथा टेका है। नवरात्र के शुरूआत में पहला दो दिन भीड़ के लिहाज से कम दबाव वाला रहा, लेकिन शनिवार और रविवार को बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचे। चैत्र नवरात्रि में दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह परंपरागत रूप से कायम है। इसी के चलते डोंगरगढ़ के छीरपानी और मेला स्थल में पूरी रात भक्तों का जमावड़ा भी बना हुआ है। राजनांदगांव पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर एक भारी-भरकम जवानों की तैनाती की। मंदिर परिसर से लेकर मेला स्थल तक आस्था की लहर दिख रही है।

ट्रेनों में भी आवाजाही के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा है। लोकल ट्रेनों में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से भीड़ काफी बढ़ गई है। एक्सप्रेस ट्रेनों से राज्य के अलावा अन्य प्रांतों से भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि कहीं-कहीं अव्यवस्था भी बनी हुई है। सडक़ों में भी सेवा-सत्कार के पंडालों में भक्तों के ख्याल रखने में कमी दिख रही है। ऐसे में  पदयात्रियों में अव्यवस्था को लेकर भी प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है। बहरहाल डोंगरगढ़ के ऊपर और नीचे मंदिर में दर्शन के लिए भीड़ लगातार उमड़ रही है। दर्शन हेतु मंदिर ट्रस्ट की ओर से पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया गया है। ट्रस्ट की व्यवस्था को लेकर भी कहीं-कहीं लोगों में नाराजगी दिख रही है।


अन्य पोस्ट