राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 मार्च। जिले के डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में आयोजित होने वाले मेले के दृष्टिगत राजनांदगांव पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की तैयारी की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार नवरात्र पर्व के लिए प्रदेशभर से कुल 850 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी डोंगरगढ़ क्षेत्र में तैनात की गई है। इस अवसर पर समस्त बल को आगामी 10 दिनों की ड्यूटी के लिए राजनांदगांव एसपी अंकिता शर्मा, प्रशांत कत्लम कमांडेंट दसवी बटालियन, एएसपी कीर्तन राठौर द्वारा विधिवत ब्रीफ किया गया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। राजनांदगांव पुलिस द्वारा इस आयोजन हेतु संपूर्ण मेला क्षेत्र को विभिन्न जोन एवं सेक्टरों में विभाजित कर सुव्यवस्थित ड्यूटी प्लान तैयार किया गया है। जिसमें जोन एवं सेक्टर व्यवस्था बनाया गया है। जिसमें मां बम्लेश्वरी मंदिर ऊपर का गर्भगृह क्षेत्र, ऊपर से नीचे तक सीढिय़ों की सुरक्षा व्यवस्था, क्षेत्रपानी, डोम, मुख्य ड्रॉप गेट एवं आसपास का परिक्षेत्र, रोपवे के ऊपर एवं नीचे की व्यवस्था, मां बम्लेश्वरी नीचे मंदिर क्षेत्र, मेला क्षेत्र की व्यवस्था, रेलवे क्रॉसिंग, अंडरब्रिज, ड्रॉप गेट से नीचे मंदिर से रोपवे तक मार्ग व्यवस्था, रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात एवं पार्किंग के लिए अंजोरा बायपास से रामदरबार तक यातायात व्यवस्था, रामदरबार से मोतीपुर-लिटिया-अछोली मार्ग होते हुए डोंगरगढ़ मंदिर तक यातायात, रामदरबार से तुमड़ीबोड़ अंडरब्रिज तक मार्ग व्यवस्था, तुमड़ीबोड़ से डोंगरगढ़ मंदिर तक यातायात, चिचोला से डोंगरगढ़ मंदिर तक मार्ग व्यवस्था, भंडारपुर-दरबार से डोंगरगढ़ मंदिर तक मार्ग व्यवस्था, बोरतलाव से डोंगरगढ़ मंदिर तक मार्ग व्यवस्था, समस्त पार्किंग व्यवस्था, सामान्य कानून व्यवस्था, मेला प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक कार्य शामिल हैं।
राजनांदगांव पुलिस द्वारा इस आयोजन में चार मुख्य स्तंभों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। जिसमें मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था शामिल है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से त्वरित निपटने हेतु क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन किया गया है, जो सतत सक्रिय रहेगी। इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशन, बाहरी आगंतुकों की आवाजाही एवं संभावित बाहरी गिरोहों की गतिविधियों को ध्यान में रखते सशक्त विशेष अपराध नियंत्रण टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार निगरानी एवं गश्त कर रही है।